बरेली। स्मैक तस्करी में लिप्त पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा और उसके बेटे रोहित शर्मा को मादक पदार्थ माफिया घोषित कर दिया गया है। इससे पूर्व पुलिस पंकज उपाध्याय की साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त करा चुकी है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मीरगंज के गांव गुलड़िया निवासी पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा करीब 27 साल से स्मैक तस्करी के धंधे में लिप्त है। वह कच्चा माल लाकर स्मैक बनाकर बेचता है। पिछले दिनों पुलिस ने पंकज को गिरफ्तार करके जेल भेजा था लेकिन उसका बेटा रोहित शर्मा वांछित चल रहा है। पिछले दिनों पुलिस ने पिट एनडीपीएस के तहत पंकज की करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की थी। इसके बाद मीरगंज पुलिस ने जुलाई में पंकज और उसके बेटे रोहित को माफिया घोषित कराने के लिए रिपोर्ट दी थी। एसपी साउथ ने बताया कि उनकी संस्तुति के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों तस्करों को मादक पदार्थ माफिया घोषित करने की मंजूरी दे दी है। मादक पदार्थ माफिया घोषित किए गए पंकज पर दस और उसके बेटे रोहित पर चार मुकदमे दर्ज हैं। ये मुकदमे बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली और मध्य प्रदेश मे एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट व धोखाधड़ी के है।।
बरेली से कपिल यादव
