फरीदपुर, बरेली। जनपद की तहसील फरीदपुर के सभागार में शनिवार को डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। खेत में रसायनयुक्त पानी जाने से रोकने की गुहार लगाई गई। दर्ज की गई 115 में से 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सर्वाधिक रही। तहसील सभागार में आए कार्टोली गांव के राजेंद्र कुमार वाजपेयी ने तीन माह से खराब नलकूप की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 20 जून के समाधान दिवस में भी शिकायत की थी लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। पचौमी गांव के भगवान दास ने खेत में प्लाई फैक्टरी से आ रहे रसायनयुक्त पानी को रोकने की गुहार लगाई। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सभागार में मौजूद विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनी। दर्ज की गई। शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित सबसे ज्यादा रही। विकास, पुलिस और समाज कल्याण विभाग के मामले भी दर्ज हुए। समाधान दिवस के बाद डीएम अविनाश सिंह ने तहसील परिसर में पौधे रोपे। उनके साथ विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसडीएम फरीदपुर विदुषी सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह ने भी पौधे रोपे। 51 में से मात्र एक शिकायत का हुआ निस्तारण : नवाबगंज। तहसील सभागार में एसडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। दर्ज हुईं 51 में से मात्र एक शिकायत का ही निस्तारण किया जा सका। जिगनिया भगवंतपुर गांव के हरीश चंद्र, मंलसेन, रविंद्र पाल ने बंजर भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। नायब तहसीलदार को इसकी जांच के आदेश दिए गए। अधिवक्ता उपेंद्र पाल सिंह ने हाईवे पर स्ट्रीट लाइटें न जलने की समस्या बताई। उन्होंने चार माह पहले एक युवक की करंट से मौत का भी जिक्र किया। एडीएम ने एनएचआई को कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिवक्ता अशर्फी लाल ने हाईवे पर नाले के स्लैब पर अतिक्रमण की शिकायत की। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम सचिन यादव, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 42 में से एक शिकायत का हुआ निस्तारण : मीरगंज। तहसील सभागार में एडीएम (न्यायिक) देशदीपक सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें दर्ज की गईं 42 में से केवल एक शिकायत का ही निस्तारण किया गया। 41 शिकायतों के मामले में जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया। राजस्व विभाग से सर्वाधिक 14 शिकायतें दर्ज कराई गईं। पुलिस और पूर्ति विभाग की 10-10 शिकायतें दी गईं। विद्युत विभाग से सात और समाज कल्याण विभाग से एक शिकायत दर्ज की गई। अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उपस्थित लोगों ने समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग भी उठाई।।
बरेली से कपिल यादव
