बरेली। मुंबई मे बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद सोमवार को बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पहुंचकर सीओ सिटी आशुतोष शिवम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और उनके परिवार वालों से बातचीत की। सीओ ने उनकी सुरक्षा में लगी पुलिस गारद को हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि पिछले साल 11 सितंबर की सुबह 4:15 और 12 सितंबर की तड़के 3:33 बजे लगातार दो दिन दो बाइकों पर आए दो-दो बदमाशों ने बरेली के सिविल लाइंस स्थित फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर ताबड़तोड़ नौ राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई गई थी। इस घर में अभिनेत्री के पिता रिटायर्ड डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी, उनकी बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी और उनकी मां रहती हैं। फायरिंग के बाद फेसबुक पोस्ट डाकर गोल्डी बराड़ गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। इस घटना के बाद से ही अभिनेत्री के घर में एक कमांडर की निगरानी में चार पुलिसकर्मियों की गारद लगाई गई है। साथ ही उन्हें बरेली से दो और मुरादाबाद से एक गनर भी दिया गया है। जिला प्रशासन ने उनके परिवार को पिस्टल का लाइसेंस भी मुहैया कराया है। मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे सीओ सिटी शिवम आशुतोष सिंह और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पहुंचे। सीओ ने अभिनेत्री के पिता जगदीश पाटनी से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली, जिस पर उन्होंने संतुष्टि जताई। साथ ही सीओ ने सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से बात कर 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्हें यह भी निर्देश दिए कि कॉलोनी के प्रवेश पर लगे गेट को रात में हर हाल में बंद रखा जाए। एनकाउंटर में ढेर हुए थे वारदात में शामिल दो शूटर : अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग के मामले में पिछले साल 17 सितंबर को गाजियाबाद में नोएडा एसटीएफ, दिल्ली पुलिस और बरेली एसओजी ने रोहित गोदारा गैग के दो शूटर, रोहतक के कहनी निवासी रविंद्र और सोनीपत के गोहना रोड निवासी अरुण को मुठभेड़ में मार गिराया। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को बरेली पुलिस ने शाही थाना क्षेत्र में वारदात में शामिल दो अन्य शूटर राजस्थान के जनपद बियावर, थाना जैतारण के गांव बेडकला निवासी रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और ग्राम राजपुर थाना बड़ी जनपद सोनीपत निवासी अनिल को मुठभेड़ में गिरफ्तार करके जेल भेजा। इस वारदात में शामिल बागपत के दो अन्य नाबालिग शूटर दिल्ली में गिरफ्तार कर किशोर सदन भेजे गए। इन सभी के खिलाफ चार्जशीट भी लग चुकी है। इस वजह से की गई थी फायरिंग : बताया जा रहा है कि फिल्म अभिनेत्री की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी ने प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर टिप्पणी की थी। हालांकि बाद उन्होंने इससे संबंधित पोस्ट हटाकर माफी भी मांग ली थी। गोल्डी बराड़ गैंग के रोहित गोदारा ने अपनी पोस्ट में इस टिप्पणी का बदला लेने के लिए ही अभिनेत्री के घर फायरिंग कराने की बात कही थी। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पहले से ही गारद तैनात है। उनके परिवार को तीन गनर भी मिले हुए है। समय-समय पर उनके परिवार की सुरक्षा जांच की जाती है। इसी कड़ी में सोमवार को भी वहां जाकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
— बरेली से कपिल यादव
