बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे रविवार की दोपहर नैनीताल रोड पर सड़क किनारे बनी टीन शेड की जूता-चप्पल दुकान मे अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं और दुकान से निकलता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग लगते ही आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों से सामान समेटकर बाहर भागने लगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान के भीतर अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर मे आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट मे ले लिया। दुकान मे रखे जूते-चप्पल और प्लास्टिक का सामान आग पकड़ते ही धू-धू कर जलने लगा। टीन शेड होने की वजह से अंदर गर्मी और धुआं तेजी से भर गया। लोगों ने बाल्टियों और पाइप से आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि कोई पास जाने की हिम्मत नही जुटा सका। आग की भयावह लपटें देखकर नैनीताल रोड पर गुजर रहे राहगीरों में भी दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही हाई प्रेशर वाटर मिस्ट तकनीक का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की वजह से आग को तेजी से नियंत्रित कर लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
