बरेली देहात। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहव के जन्म दिवस जश्न-ए-ईद मिलादुन्नवी के अवसर पर बुधवार को जिलेभर में अकीदत और उत्साह का माहौल रहा। कैट, क्योलड़िया, भमोरा, मीरगंज, आंवला, बहेड़ी, शीशगढ़, रिछा, देवरनियां, रिठौरा, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, नवावगंज, शेरगढ़, फतेहगंज पूर्वी और भुता समेत विभिन्न क्षेत्रों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए। अंजुमनों के साथ बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। कई स्थानों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जलपान कराया। गर्मी के बीच जुलूस मार्गों पर पानी, कोल्ड ड्रिंक, फल, मिठाई और लंगर की व्यवस्था भी की गई। कैट क्षेत्र के कांधरपुर, लालफाटक, चनेहटी, उलैहतापुर और बरकलीगंज में जुलूस निकला। कांधरपुर के ‘नीम नीचे’ मोहल्ले से शुरू जुलूस में कांधरपुर और वरकलीगंज की अंजुमनों ने परचम लहराते हुए नात और सलातो-सलाम पेश किए। चनेहटी की नूरी मस्जिद पर अध्यक्ष मोहम्मद रजा ने अकीदतमंदों का फूल बरसाकर स्वागत किया। मोहम्मद रजा, काजिम अली, रजा बख्श, पूर्व प्रधान फखरुद्दीन, हाजी लुकमान अली, अलीम अख्तर, हाजी खुदा वख्श, आविद अली हाफिज, सत्तार अली, इरफान सैफी, सरफराज आलम, इरशाद अल्वी, शोएव खान, दिलशाद खान, नवी अहमद सलमानी, इमाम सय्यद मशकूर अली, इमाम शाहबुद्दीन, इमाम मुफ्ती आजम, बुंदन मंसूरी और कमरुद्दीन सैफी मौजूद रहे। भमोरा मे 17 गांवों के लोग जुटे : भमोरा में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कारों से निकले जुलूस में धार्मिक और तिरंगे झंडे लगाए गए थे। मकरंदपुर रेलवे स्टेशन के पास गोटिया में 17 गांवों के लोग एकत्र हुए। यहां से जुलूस भमोरा, खेड़ा होते हुए क्योंना शादीपुर पहुंचा। सिरोही, हर्रामपुर, खुली और कैमुआ समेत पांच स्थानों पर जलसे हुए। शाम को क्योना शादीपुर में विशाल जलसे में तकरीरें हुईं। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ व्यवस्था देखते रहे। शीशगढ़ में उलेमाओं ने रखी सीरत : मोहल्ला अगवाड़ा से जुलूस शुरू होकर पड़ाव चौराहा पहुंचा। हकीम आफताव अहमद, हाफिज नसीरुद्दीन और शाही इमाम अशीरुद्दीन ने तकरीर की। मोहल्ला गौड़ी में बब्लू, नगर पंचायत कार्यालय पर चेयरमैन नीलोफर और अगवाड़ा में वसीम अकरम ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अकीदतमंद नात और धार्मिक नारों के साथ चलते रहे। रिछा-देवरनियां में बच्चों की भी भागीदारी : रिछा में मदरसा दारुल उलूम शाहे उमम से नाजिम-ए-आला मुईनुद्दीन की सरपरस्ती में जुलूस निकला। मदरसा जामिया अरविया फैजुलरसूल और मदरसा जामिया मलसूदिया से निकले जुलूस भी मुख्य मार्गों से गुजरे। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सैफ तनवीर ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। देवरनियां में जुलूस दरगाह हजरत हिसामुद्दीन पर संपन्न हुआ। घरों, मस्जिदों और प्रतिष्ठानों को सजाया गया। शेरगढ़ में जगह-जगह हुआ स्वागत : शेरगढ़ में ‘सरकार की आमद मरहवा’ और ‘नवी की आमद मरहवा की सदाएं गूंजती रहीं। पूर्व चेयरमैन बाबू अंसारी, मोहम्मद अशफाक खां, शिक्षक उवैस रजा खां, सभासद मोहम्मद आरिफ, इमरान खान, मोहम्मद आरिश, ग्राम प्रधान शुमशुल खां, रियाजुद्दीन अंसारी, छोटे खां, इखाइल मंसूरी, जफर हसन खान, जफर अली, डॉ. जमीर हसन, डॉ. कामरान खान, डॉ. तंजील अहमद और इमाम अखलाक हुसैन ने लोगों को मुबारकबाद दी।
बरेली से कपिल यादव
