कार और रोडवेज बस में भिड़ंत, चार लोग गंभीर घायल

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे परसाखेड़ा मे बड़ा बाईपास पर क्राइम ब्रांच कार्यालय के सामने शनिवार दोपहर कार और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर यातायात को वनवे किया गया था। बताया गया कि रोडवेज बस बिलवा की ओर से आ रही थी, जबकि कार रामपुर की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार फैजल निवासी चमरोया, थाना शहजादनगर, रामपुर समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में होने के चलते बाद में वहां की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल मे भर्ती कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *