आंवला, बरेली। आंवला-भमोरा मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार टैंकर ने बेकाबू होकर मोटरसाइकिल को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार भूरी देवी (65) की मौत हो गई जबकि गंभीर घायल धेवते मनोज (22) ने आंवला के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक के इलाज में कथित रूप से लापरवाही के आरोप लगाते हुए परिवार के साथ जुटी भीड़ ने अस्पताल में हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन ने आरोप निराधार बताए। बाद में फैसला हो गया। भमोरा क्षेत्र के गांव प्रेमराजपुर निवासी भूरी देवी पत्नी नेकपाल सिंह शुक्रवार को धेवते मनोज के साथ बाइक से बेटी वीरा पत्नी रवि निवासी ताल गोटिया नंदगांव, आंवला को बीमारी के चलते देखने गई थीं। शनिवार को दोनों प्रेमराजपुर लौट रहे थे। आंवला-भमोरा मार्ग पर रमनगला बाजार के पास सामने से आ रहे टैंकर ने बाइक को चपेट में ले लिया। दुर्घटना मे भूरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल मनोज को आंवला के निजी अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे मनोज को दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे मगर स्टाफ ने हालत गंभीर होने के बाद भी ऐसा नहीं होने दिया। मौत के बाद मनोज का एंबुलेंस में रखवा दिया गया। नाराज परिजन एंबुलेंस के आगे बैठ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। बाद में परिवार और अस्पताल प्रबंधन में बातचीत के बाद फैसला होने की खबर है। एक साल पहले ही हुई थी मनोज की शादी : मनोज अपने पिता मुरारी लाल, मां यादवती व भाई-बहन के साथ ननिहाल प्रेमराजपुर मे रहकर खेती करता था। एक वर्ष पहले ही उसकी शादी राजबाला के साथ हुई थी। पति की मौत की खबर से पत्नी बेसुध हो गई। हादसे मे नानी और धेवते की मौत से गांव मे मातम पसरा है। परिवार बेहाल है। बताया गया है कि हंगामे के बाद परिवार का अस्पताल प्रबंधन से फैसला हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई रात मे ही कराने की मांग की। जिसे मान लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर प्रधानी के कुछ दावेदार भी जुट गए थे। जिन्होंने माहौल गरमाने की कोशिश की। थाना प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टैंकर को कब्जे में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।।
बरेली से कपिल यादव
