बरेली। जन्माष्टमी के छठे दिन बुधवार को शहरभर में भगवान श्रीकृष्ण का छठी पर्व श्रद्धाभाव से मनाया गया। श्री हरि मंदिर, आनंद आश्रम, श्री बांके बिहारी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में बाल गोपाल का विशेष शृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान श्री कृष्ण की छठी पर्व पर श्री हरि मंदिर बाल गोपाल के सुंदर शृंगार और भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। महिला संकीर्तन मंडल ने भजनों की प्रस्तुति देकर ठाकुर जी को रिझाया। नंद बाबा और देवकी के स्वरूप में श्रद्धालुओं ने नृत्यकर अपनी हाजिरी लगाई। इस दौरान भक्तों को टॉफी, खिलौने और उपहार प्रसाद के रूप में वितरित किए। समापन पर कड़ी-चावल व माखन-मिश्री का भंडारा कराया। इससे पहले श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन अतुल कृष्ण महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार और बाल लीलाओं का वर्णन किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष रेनू छाबड़ा, उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा समेत श्रद्धालु मौजूद रहे। वही पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी महोत्सव मनाया गया। पुजारी नरेश मिश्रा ने बताया कि भगवान कृष्ण के जन्म के छठे दिन उनकी रक्षा और आरोग्यता की कामना के लिए षष्ठी देवी की पूजा की गई थी। महिला मंडल ने भजन-कीर्तन कर लड्डू गोपाल की पालकी यात्रा निकाली गई। आयोजन में प्रेमलता अरोड़ा, प्रेम धवन, सीमा पुरुषार्थी, चंचल अरोड़ा, पूजा चांदना, भावना सपरा, ममता खन्ना, सुषमा सपरा, हिमानी और रुचि समेत महिला मंडल का सहयोग रहा। सनराइज कॉलोनी स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में बुधवार को भगवान श्री लड्डू गोपाल की पावन छठी मनाई गई। सुबह 11 बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान का दिव्य अभिषेक किया गया। पंडित ज्ञानू महाराज ने आरती कराई। इसके बाद गुलशन आनंद की ओर से कढ़ी-चावल के भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सनराइज कॉलोनी, साईं धाम, अर्बानिया और आनंद विहार समेत आसपास के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। राजेंद्र नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिन श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। स्वामी रजनीशानंद महाराज ने पांडव चरित्र, कुंती स्तुति, ध्रुव चरित्र, जड़ भरत और प्रह्लाद चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान विनोद ग्रोवर, अश्वनी अरोरा, विजय बंसल, विजय गुप्ता, मनोहर धीरवानी, होशियार सिंह और संजीव गुलाटी समेत श्रद्धालु मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
