बहेड़ी, बरेली। कैसर ने फिर एक नौजवान की जान ले ली। मोहल्ला झाजूनागर के 36 वर्षीय युवक नेत्रपाल की कैंसर की बीमारी के चलते शनिवार को मौत हो गई। अभी 23 मई को इसी मोहल्ले मे एक महिला की कैंसर से मौत हुई थी। पिछले 50 दिन मे बहेड़ी मे कैंसर से यह सातवीं मौत है। शहर के मोहल्ला शाहगढ़ और झाजूनागर में कैंसर ने कहर सा बरपा रखा है। मोहल्ला झाजूनागर का युवक नेत्रपाल पिछले 4 साल से कैंसर से पीड़ित था। उसका बरेली और फिर ऋषिकेश में इलाज चला लेकिन पैसों की तंगी के चलते वह इलाज जारी नहीं रख पाया और फिर देसी दवा के जरिए इलाज करने लगा और काफी अरसे से देसी इलाज पर चल रहा था। उसकी हालत लगातार खराब हो रही थी, शनिवार को वह जिंदगी से चल रही जंग हार गया। नेत्रपाल अपने पीछे पत्नी और एक बच्चा छोड़ गया है। नेत्रपाल की मौत की खबर जैसे ही मोहल्ले के लोगों को हुई, उनमें दहशत फैल गई। इस मोहल्ले में भी कैंसर की बीमारी फैली हुई है, और कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। अभी 23 मई को मोहल्ले में माया देवी नाम की महिला की मौत हुई थी। मोहल्ले के लोग कैंसर की फैली त्रासदी से डरे हुए है। अगर पिछले 50 दिन का जायजा लें, तो बहेड़ी मे हुई मौत सातवीं मौत है। मोहल्ला महादेवपुरम और शहर से सटे गांव मंडनपुर में एक-एक मौत हुई है जबकि तीन मौतें मोहल्ला शाहगढ़ में हुई हैं। कैंसर से ताबड़तोड़ हो रही मौतों से यहाँ लोगों में दहशत व्याप्त है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का अमला चैन की नींद सो रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
