आंवला, बरेली। जनपद के आंवला नगर मे मंगलवार को कांवड़ियों का विशाल जुलूस निकाला गया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ त्रिपौलिया गंज बाजार में फूल वर्षा की। नगर में सुबह रामलली धर्मशाला से महाशिवतेरस पर कांवड़ियों का जुलूस और शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें झांकियों के साथ डीजे शामिल रहे। भजनों की धुन पर भोले शंकर के नारे लगाते हुए कांवड़िए पुरैना ढाल, फूटा दरवाजा, रामलीला गेट, भुर्जी टोला, पक्का कटरा, स्टेट बैंक, भूमि विकास बैंक चौराहा, गंज, त्रिपोलिया, लठैता मोहल्ला और बजरिया होत बाराभुर्जी चौक पर पहुंचे और गौरीशंकर गुलड़ियां में जलाभिषेक के लिए चले गए। त्रिपोलिया चौराहे पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष संजीव सक्सेना, प्रभाकर शर्मा, दिनेश मौर्य, रामनिवास मौर्य, पक्का कटरा तिराहे पर गोपाल अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव ओमवीर यादव, सरफराज वेग, राजू अग्रवाल, पक्का कटरा मोड़ पर संजय अग्रवाल बॉबी, चांदनी चौक में सूरजभान गुप्ता, भूमि विकास बैंक पर सपा के मशकूर खां, लठैता मोहल्ले में नवीन सिंह, सरकारी अस्पताल के समीप सय्यद आकिल अली, चेयरमैन सय्यद आबिद अली, ईओ प्रदीप गिरि ने स्वागत किया। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, सीओ हेमंत उपाध्याय आदि मौजूद रहे। शिवतेरस पर गौरीशंकर धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, मंत्री ने किया रुद्राभिषेक : गुलड़िया। सावन की शिवतेरस को गौरीशंकर धाम में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों शिवभक्तों ने कछला, हरिद्वार तथा गढ़ गंगा से जल लाकर बाबा भोले का जलाभिषेक किया। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पत्नी वंदना, बेटा डॉ. दुष्यंत, डॉ. मान सिंह, नरेंद्र राजपूत ने रूद्राभिषेक किया। मंगलवार को सावन मास की शिवतेरस को ऐतिहासिक एवं प्राचीन गौरीशंकर गुलड़िया मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं। गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ रही। गुलड़िया के सिरौली मार्ग, अलीगंज मार्ग व रामनगर मार्ग पर दो-दो किलोमीटर दूर तक जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह से यातायात सामान्य किया।।
बरेली से कपिल यादव
