जोश और उत्साह के बीच गूंजे भारत मां के जयकारे, हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे लोग

बरेली देहात। शाही शीशगढ़ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को भाजपाइयों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। गांधी इंटर कॉलेज में विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। कस्बे के मोहल्ला हसनपुर, ठाकुर द्वारा, गांधीनगर, मोतीनगर, नेहरू नगर होते हुए प्रताप इंटर कालेज पर संपन्न हुई। यात्रा में जिला मंत्री शिवम शर्मा, प्रबंधक देवेश शर्मा, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार शर्मा, अनुरोध सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, शीशगढ़ कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। विधायक डॉ. डीसी वर्मा दुनका मंडल अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने रामलीला मैदान से इसका शुभारंभ किया। यात्रा थाने पर संपन्न हुई। स्कूली छात्र-छात्राएं भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं। कार्यक्रम में एसओ जितेंद्र कुमार सिंह, रामऔतार मौर्य, अंकुशराज गुप्ता, बबलू, शिव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब : फतेहगंज पूर्वी। नगर में मंगलवार को मंडल भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। स्टेशन रोड से शुरू हुई यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रबल दावेदार एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव भी अपने काफिले और सैकड़ों समर्थकों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा शुरू होते ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। डॉ. महेंद्र देव ने कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की। रास्ते में उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर संवाद भी किया। तिरंगा यात्रा स्टेशन रोड से निकलकर नगर के विभिन्न मार्गों और प्रमुख चौराहों से होते हुए घूमकर रोड पर पहुंची। इसके बाद, यात्रा वापस स्टेशन रोड पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान तिरंगे के साथ भारत माता के जयकारों से नगर का माहौल देश भक्तिमय हो गया। स्कूली बच्चों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश : बहेड़ी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। नगर पालिका ईओ शशि प्रभा और सेनेट्री इंस्पेक्टर अहमद हसन के निर्देशन में गुरु नानक इंटर कॉलेज में पौधरोपण हुआ। मौके पर वार्ड के सभासद तरुण कालरा आईसी एक्सपर्ट रवि रंजन, होली चाइल्ड स्कूल के डायरेक्टर राज कमल आदि मौजूद रहे। रिठौरा में भाजपाइयों ने निकाली तिरंगा यात्रा : रिठौरा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को कस्बे में भाजपाइयों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने किया। यात्रा दरबारी लाल शर्मा इंटर कालेज से शुरू हुई। इसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा में दिया आजादी का संदेश : भमोरा। भाजपाइयों ने ब्लाक आलमपुर जाफराबाद परिसर से तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को आजादी का संदेश दिया है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने तिरंगा फहरा कर यात्रा का शुभारंभ किया। उनके साथ पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप तथा पूर्व ब्लाक वेद प्रकाश यादव भी रहे। तिरंगा लेकर चल रहे लोग भारत माता के जयकारे लगा रहे थे। भारत मां के जयकारों से गूंजा इलाका : नवाबगंज। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को अहमदाबाद और भदपुरा गांव में तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक डॉ. एमपी आर्य के नेतृत्व में निकली गई तिरंगा यात्रा में भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। इसमें भाजपा जिला मंत्री डॉ. मीनाक्षी गंगवार, नितीश उपाध्याय, सविता उपाध्याय आदि रही। गांधी इंटर कॉलेज शाही से निकली तिरंगा रैली : मीरगंज। तहसील क्षेत्र के शाही मे ‘हर घर तिरंगा” अभियान के तहत मंगलवार को एक विशाल पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गांधी इंटर कॉलेज से शुरू हुई यह यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए प्रताप इंटर कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। तिरंगा यात्रा रैली का शुभारंभ विधायक डा. डीसी वर्मा ने किया। इसमें मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। गांधी इंटर कॉलेज और प्रताप इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी इस आयोजन में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचने पर यात्रा का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर अंकित महेश्वरी रोहित शर्मा, सत्यपाल यदुवंशी, अरविंद पांडे, देवेश उर्फ अंशु शर्मा, दीपक रस्तोगी, मनोज रस्तोगी, सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और गणमान्य लोग रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *