बरेली। गौवंश संरक्षण और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए वन विभाग ने नई पहल शुरू की है। शनिवार को ठिरिया निजावत खां मार्ग स्थित कैंट क्षेत्र में गौ-आहार वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे। बरेली कैंट क्षेत्र मे कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से करीब 10 एकड़ भूमि में वृहद गौशाला प्रस्तावित है। गौवंश के लिए चारा, फल और छांव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 100 पौधे ट्रीगार्ड सहित लगाए गए। छायादार पौधों में शीशम व पीपल, फलदार पौधों में आम व चीकू तथा औषधीय पौधों में सहजन, नीम, गिलोय और हरसिंगार शामिल हैं। वनमंत्री ने स्वयं पीपल का पौधा रोपित किया और स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों व मीडिया को संबोधित किया। डीएफओ दीक्षा भंडारी, कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ तनु जैन और क्षेत्रीय वनाधिकारी वैभव चौधरी सहित वन विभाग के अधिकारी, रेंज स्टाफ, नागरिक व स्कूली बच्चे मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
