अस्पताल मालिक ने सुपरवाइजर से किया दुष्कर्म, बनाया धर्मांतरण का दबाव

बरेली। न्यू फय्याज केयर हॉस्पिटल के मालिक फहीम अली ने सुपरवाइजर युवती को रामपुर जिले की फैक्टरी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर शहर के होटलों में उसका यौन शोषण कर वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और धर्मांतरण का दबाव बनाया। युवती की शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर डेढ़ घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 27 वर्षीय युवती ने प्रेमनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को बताया कि उसने अप्रैल 2024 से एक साल तक न्यू फय्याज केयर हॉस्पिटल में सुपरवाइजर पद पर नौकरी की थी। नौकरी छोड़ने के कुछ माह बाद अस्पताल मालिक फहीम अली ने उसे कॉल की। रामपुर के मिलक क्षेत्र में स्थित अपनी टायर फैक्टरी में अकाउंटेंट की नौकरी देने का झांसा दिया। इस बहाने वह युवती को मिलक व मीरगंज इलाके में अलग-अलग ठिकानों पर अपने साथ ले गया। वहां उसकी मर्जी के बिना उससे संबंध बनाए। आरोप है कि 14 सितंबर 2025 को फहीम अली उसे डेलापीर के होटल गीत इंटरनेशनल ले गया। वहां होटल में एंट्री करते हुए उसने अपनी पत्नी शाहिस्ता बी के पहचान पत्र का इस्तेमाल किया। होटल में फहीम अली ने फिर युवती से दुष्कर्म किया और चुपके से उसका वीडियो बना लिया। युवती के मुताबिक इस वीडियो के जरिये फहीम उसे ब्लैकमेल करने लगा। उसने कई बार धमकाकर उसके साथ संबंध बनाए। फहीम अली उसे रास्ते में रोककर धर्मांतरण के लिए दबाव बना रहा था। धर्मांतरण नही करने पर उसका वीडियो वायरल करने और परिवार सहित जान से मारने की धमकियां दे रहा था। युवती ने एसएसपी से फहीम अली की शिकायत की तो उन्होंने एसपी सिटी को कार्रवाई कराने का आदेश दिया था। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *