फरीदपुर, बरेली। पीडब्ल्यूडी की ओर चिह्नित अवैध निर्माण हटाए बगैर सेतु निगम ने पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग के ओवरब्रिज के नीचे नाले का निर्माण शुरू कर दिया। बस्ती के लोगों ने नाले का गलत निर्माण से सर्विसलेन संकरी होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लोगों के हंगामे के बाद नाले का निर्माण कर रहे कर्मचारी काम बंद करके लौट गये।फरीदपुर बुखारा रोड पर स्थित पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सेतु निगम की ओर से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा था। ओवरब्रिज निर्माण के दौरान ठेकेदार ने पूरी सड़क को खोद डाली। रेलवे विभाग ने पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिया। जिससे बस्ती के लोगों का निकलना दुश्वार हो गया। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करके ओवरब्रिज के नीचे सर्विसलेन बनाने की मांग की। इसके बाद सेतु निगम को सर्विसलेन निर्माण के निर्देश दिए। सेतु निगम के इंजीनियर सर्विसलेन का निर्माण को पहुंचे तो वहां पर पीडब्ल्यूडी की जगह में कई भवन पाए गये। सेतु निगम की रिपोर्ट पर पीडब्ल्यूडी ने सर्विस लेन की जद में आने वाले निर्माणों को चिह्नित किया। कई लोगों ने निर्माण हटा लिए। लेकिन कई निर्माण पीडब्ल्यूडी की जगह से नहीं हटाए गए। इसी दौरान सेतु निगम ने सर्विसलेन निर्माण से पहले नाले की खुदाई शुरू कर दी। शनिवार को सेतु निगम के कर्मचारी नाले की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान बस्ती के सैकड़ों लोग हंगामा करते पहुंचे। आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से चिह्नित कई निर्माण नहीं हटाए गए हैं। सेतु निगम ने नाले का निर्माण शुरू कर दिया है। पर्याप्त जगह नहीं होने से सर्विस लेन कई जगह संकरी हो रही है। बस्ती के लोगों के हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। हंगामा कर रहे लोगों में से दंपति को हिरासत में लिया तो बस्ती के लोग भड़क उठे। लोगों को देखकर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इस मौके पर डॉक्टर अंजली मिश्रा, दीपक सक्सेना, भगवत शरण, सुनील गुप्ता, प्रभात, अमन चंदेल, छेदालाल मौर्य,अरविंद आदि थे। इस मामले में सेतु निगम के इंजीनियर सुनील गोस्वामी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से चिह्नित किए गए सभी निर्माण को हटाकर ही नाले का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद सर्विसलेन बनेगी।।
बरेली से कपिल यादव
