राजस्थान/बाड़मेर- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने शुक्रवार को आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एमबीआर महाविद्यालय का निरीक्षण कर यहां बनाए गए ईवीएम स्ट्रॉंग रूम तथा निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने ईवीएम स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुरूप स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल का भी निरीक्षण कर निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया एवं ईवीएम संचालन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध करवाई जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए तैयारियों की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी धनसिंह महेचा, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, उपखंड अधिकारी राजेश कुमार समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
