87 लाख रुपये की जीएसटी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली। फर्जी फर्म बना बिना माल की आपूर्ति फर्जी बिल तैयार कर बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट पास-ऑन करने और जीएसटी विभाग को 87.04 लाख रुपये से अधिक की राजस्व क्षति पहुंचाने में प्रेमनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राज्य कर अधिकारी खंड-05 बरेली सुनील कुमार ने एक मार्च में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि सर्वश्री पीएस ट्रेडर्स नाम की फर्जी फर्म का पंजीकरण फर्जी नाम-पते पर व्यापार स्थल दर्शाकर कराया गया। इसके बाद बिना वास्तविक माल की खरीद-फरोख्त के फर्जी बिल तैयार कर बोगस आईटीसी पास-ऑन की गई। इससे जीएसटी विभाग को 87,04,603.44 रुपये की राजस्व क्षति हुई। पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर थाना क्षेत्र के घारमपुर चौराहे से पुष्पेंद्र और ओम सिंह उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। पुष्पेंद्र फरीदपुर के चौडेरा रमपुरा रतन गांव का निवासी है। ओम सिंह क्योलड़िया के जवेदा जवेदी गांव का रहने वाला है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने परिवार की जीविका चलाने के लिए यह कार्य किया। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि अभियुक्तों ने पीएस ट्रेडर्स नाम की फर्जी फर्म बनाई थी। उन्होंने इस फर्म के लिए फर्जी नाम और पते का इस्तेमाल किया। बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के फर्जी बिल बनाए गए। इन बिलों के आधार पर बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया गया। इससे जीएसटी विभाग को काफी नुकसान हुआ। 14 लाख की धोखाधड़ी में वांछित गिरफ्तार : बरेली। रोहली टोला में 487.50 वर्ग गज जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर इकरारनामा कराने और 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सलमान पुत्र खाकन मियां, निवासी 15 आनंद विहार कॉलोनी, स्वालेनगर, थाना किला के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *