बरेली। कोरोना संक्रमण काल के चलते 16 माह से बंद चल रही दादर एक्सप्रेस के चलने से जिले के लोगो को मुंबई जाना अब आसान हो गया है। शनिवार को पहले दिन दादर एक्सप्रेस चली तब इस ट्रेन से करीब 750 पैसेंजर बरेली से सवार हुए। अभी तक इंटरसिटी में इतने यात्री सवार नहीं हुए। गाड़ी संख्या- (04314-04313) दादर एक्सप्रेस स्पेशल (बरेली लोकमान्य तिलक टर्मिनल) 25 मार्च 2020 से बन्द चल रही थी, जिसकी वजह से जिले के लोगो को मुंबई जाने में दिक्कत हो रही थी। जंक्शन से पहली एसी ट्रेन है, जो सीधे मुंबई को जाती है। रेल बोर्ड के निर्देश पर 10 जुलाई से इस ट्रेन के संचालन को अनुमति मिली। आठ जुलाई को ऑपरेटिंग विभाग ने रनिंग ट्रायल किया, जो सफल रहा। शनिवार को 11:25 बजे यह ट्रेन बरेली से रवाना हुई। इस ट्रेन में सबसे अधिक यात्री बरेली जंक्शन से चढ़े। 750 यात्री ट्रेन में सवार हुए। इस ट्रेन का स्टॉपेज बरेली से चलकर आंवला, दबतरा, चंदौसी, बबराला, अलीगढ़, इमादपुर, आगरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, बीना, भोपाल, हबीबगंज, नासिक, कल्याणपुर आदि स्टेशनों पर होते हुए लोकमान्य तिलक अगली सुबह करीब 4:45 बजे पहुंचेगी। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह का कहना है कि दादर एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को मुंबई, झांसी, अलीगढ़, आगरा जाने में सुविधा मिलेगी। रेल राजस्व में भी वृद्धि होगी। पहले दिन काफी बड़ी संख्या में यात्रियों ने बरेली से सफर किया।।
बरेली से कपिल यादव