बरेली। डीजीपी राजीव कृष्ण के आदेश पर चल रहे ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत लगातार पांचवें दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर अपराधों में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड और एक चेक बरामद किया है। एनसीआरपी पोर्टल पर इन आरोपियों के खिलाफ पहले से 38 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत पांचवें दिन एसओजी, साइबर सेल, साइबर थाना, बारादरी, इज्जतनगर, सीबीगंज, भुता, भोजीपुरा, भमोरा, बहेड़ी, देवरनियां और फतेहगंज पूर्वी थानों की पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल समेत कई राज्यों में साइबर ठगी कर लोगों से रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद एटीएम, चेक और अन्य माध्यमों से रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे। सीबीगंज से गिरफ्तार मो. फैज के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 2.30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का उल्लेख मिला है। भमोरा से पकड़े गए पांच आरोपियों के पास से छह मोबाइल, 16 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और विभिन्न खातों का विवरण मिला। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था। इनके खिलाफ संभल और दिल्ली में भी पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों में बारादरी में कुसुम गंगवार कॉलोनी का विशाल गंगवार, फतेहगंज पश्चिमी के गांव धंतिया का वारिस व राशिद खान, भोजीपुरा के गांव मनेहरा का नीलेश, शाही के गांव बगरऊ का यश गंगवार, फतेहगंज पूर्वी की बिलपुर कॉलोनी का प्रमोद कुमार गुप्ता, बदायूं में बिसौली के गांव संग्रामपुर का मो. अयाज व मुसाहिद, भमोरा के गांव मजनूपुर का साहिब हुसैन व असलम, बदायूं में थाना अलापुर का फैजान, इज्जतनगर के गांव परतापुर चौधरी का मो. शाहिद, सीबीगंज के गांव तिलियापुर का मो. फैज, बहेड़ी के गांव बौंडा का आदर्श कुमार और देवरनिया के गांव बैकरनंदा का राम सिंह शामिल है।।
बरेली से कपिल यादव
