बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी क्षेत्र मे नैनीताल हाईवे पर एक शख्स ने अपनी बीवी को एक युवक की कार में सवार होते देख लिया। कार चालक को पत्नी का आशिक मानकर पीछे से आए पति ने उसे गालीगलौज कर पीटना शुरू कर दिया। पत्नी को भी पीटा। उसके साथ आए परिजन ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। शख्स अपनी पत्नी पर लंबे समय से शक कर रहा था। पति ने उसके फोन और लोकेशन पर नजर रखी। वह उसका पीछा करने लगा। हाईवे के पास महिला एक लाल रंग की कार में सवार हो गई। थोड़ी ही दूर आगे बढ़ते ही पीछे से आ रहे पति ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर कार को रुकवा लिया। कार रुकते ही पति आगबबूला हो गया। उसने उतरते ही चालक का कॉलर पकड़ लिया और उसे बाहर निकाल लिया। चालक हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा कि इसने सिर्फ लिफ्ट मांगी थी। मैं कहीं नहीं ले जा रहा, ये मेरी बहन जैसी है। लेकिन गुस्से में तमतमाए पति ने उसकी एक न सुनी और गाली-गलौज करते हुए दनादन थप्पड़ जड़ दिए। पति चिल्लाता रहा कि मैंने अपनी आंखों से इसे (पत्नी) कार में बैठते देखा है। मारपीट और हंगामे के दौरान महिला कार से बाहर निकलकर सहमी खड़ी रही। पति ने उस पर भी हाथ छोड़ दिया और नकाब खींच दिया। महिला रोकर सफाई देती रही और खुद को बेकसूर बताती रही लेकिन पति का गुस्सा शांत नही हुआ। वीडियो में महिला का पति कहता सुनाई दे रहा कि लोकेशन पर पूरा मोबाइल लेकर चल रहे थे हम। हाईवे पर हंगामा होता देख राहगीरों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों का मजमा लग गया। दोनों ओर से गाड़ियां रुकने लगीं और जाम के हालात बन गए। लोग मूकदर्शक बनकर अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। बाद में कुछ बुजुर्गों और राहगीरों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है ना ही कोई तहरीर आई है। अगर तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
