बरेली। हर माह मुनाफे का झांसा देकर सुमन विहार वीर सावरकरनगर निवासी अमित कुमार शाही से लाखों रुपये ठग लिए गए। उन्होंने थाना इज्जतनगर मे मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार अमित ने पंजाब मे मोहाली के ममता इनक्लेव धाराविल्ली जीरकपुर निवासी दीपक कुमार सिंगला, उसके पिता पवन कुमार, पत्नी मनदीप कौर, दीपक गुप्ता, नजरुल हसन, दीपक शर्मा और पंकज शर्मा को नामजद किया है। अमित का कहना है कि 15 अक्तूबर 2022 को होटल रेडीसन में दीपक शर्मा व पंकज शर्मा ने अन्य आरोपियों से उनकी मुलाकात कराई। दीपक कुमार सिंगला ने मेटामेक्स क्वाइन कंपनी अपनी बताकर अच्छे मुनाफे का झांसा दिया। इसमें पांच लाख निवेश पर हर महीने 22.5 प्रतिशत 14 महीने तक देने का वादा किया। जनवरी 2023 में दीपक सिंगला ने अपने घर बुलाकर अपने पिता और पत्नी को कंपनी का डायरेक्टर बताकर उनसे मिलवाया। फिर निवेश की बात हुई लेकिन उन्होंने पांच लाख न होने की बात कही। इस पर आरोपियों ने डेढ़ लाख देने को कहा और चंडीगढ़ के बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता खुलवाया। इस दौरान उनसे 11 हजार रुपये नकद लिए और फिर 1.38 लाख रुपये उन्होंने अपने खाते से ट्रांसफर किए। उन्होंने अपने खाते में पांच लाख की एफडी कराई, उसे भी आरोपियों ने फर्जीवाड़ा करके निकाल लिया। इस मामले में इज्जतनगर पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो अमित ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।।
बरेली सै कपिल यादव
