बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश शुक्ला ने कस्बे के व्यापारियों के साथ बैठक कर जनगणना-2027 के प्रथम चरण की स्वगणना प्रक्रिया और खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और परिवार के सदस्यों का पंजीकरण कराने की जानकारी दी। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शुद्ध एवं सुरक्षित खानपान का महत्व बताते हुए कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को विभाग से पंजीकरण और लाइसेंस बनवाने तथा समय पर नवीनीकरण कराने की जानकारी दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और मिलावट रोकने में विभाग का सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर सतीश अग्रवाल, इरफान अंसारी, अमित गोयल, दीपक गोयल, मोहम्मद असफ, सोहेल, सोनू सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
