पदयात्रा निकालने से पहले ही हाउस अरेस्ट किए गए भगवत

बरेली। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को पदयात्रा निकालने जा रहे सपा के पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उन्हें प्रेमनगर स्थित आवास से चौकी चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा तक पदयात्रा निकालनी थी। भगवत सरन का दावा है कि नवाबगंज और बहेड़ी की चीनी मिलों पर किसानों का करीब 300 करोड़ रुपये बकाया है। भगवत सरन गंगवार ने कहा कि भाजपा जगह-जगह जीत का जश्न मना रही है और शक्ति प्रदर्शन कर रही है, जबकि किसान अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए परेशान हैं। चीनी मिलों से समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण किसानों को अगली फसल की तैयारी करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग को लेकर पहले भी शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भगवत सरन ने कहा कि किसानों की समस्या पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। यदि जल्द भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो वह किसानों के समर्थन में फिर विरोध प्रदर्शन करेंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *