बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले मे सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आंवला के लीलौर झील, लीलौर बिशुनपुरी और बरसेर मे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर, उपकरण वितरण, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण, गो सेवा और सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के पंजीकरण समेत कई कार्यक्रम होंगे। बुधवार को सर्किट हाउस में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। मंत्री ने डीएपी खाद की आपूर्ति, लंपी स्किन रोग और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की भी समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। धर्मपाल सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना है। आईएमए के सहयोग से रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। आंवला विधानसभा क्षेत्र के सिरौली थाने में 75 चौकीदारों को सम्मानित किया जाएगा। आंवला में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के पात्र लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की जाएगी। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में फल वितरण भी होगा। अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। सेवा की कहानी कार्यक्रम में शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और अटल आवासीय विद्यालयों में हुए बदलाव की जानकारी दी जाएगी। बैठक में नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
