बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने फतेहगंज पश्चिमी के अतिसंवेदनशील ग्राम टीहरखेड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ग्राम सभा में नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई अपेक्षित नही पाई गई। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एडीओ पंचायत एवं ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई के निर्देश दिए। मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए उन्होंने ग्राम स्तर पर कार्ययोजना बनाकर नियमित रूप से एंटीलार्वा छिड़काव एवं साप्ताहिक फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ प्रशांत रंजन ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें, घर एवं आसपास जलभराव न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा बुखार आने पर स्वयं उपचार करने के बजाय निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अब तक इस वर्ष जनपद में 214 मलेरिया केस चिन्हित हुए है। भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ संचित शर्मा, एडीओ पंचायत, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, ग्राम प्रधान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम), आशा कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
