संतोष गंगवार ने किया पौधारोपण का शुभारंभ, बरेली में 33,59,457 पौधे रोपे गए

बरेली। केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रम एवं रोजगार मंत्रालय संतोष गंगवार ने कहा कि पौधों को रोपने के बाद उनके संरक्षण के लिए भी गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाना है तो पेड़ों की चिंता करनी पड़ेगी। पेड़ पौधों को बचाए रखने के लिए आवश्यक है कि पौधारोपण अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि लोग घरों में भी पौधे लगाएं और उनकी देखभाल भी निरंतर करें, उन्हें बचाए रखने के प्रयास करें। केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रम एवं रोजगार मंत्रालय आज बीसलपुर रोड पर कंथरिया ग्राम सभा में आयोजित व्रहद व्रक्षारोपण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सबका दायित्व है कि व्रक्षारोपण के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करें। इससे पूर्व उन्होंने पौधारोपण कर व्रहद व्रक्षारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर नवाबगंज के विधायक केसर सिंह, मीरगंज के विधायक डीसी वर्मा एवं बरेली शहर के विधायक अरुण कुमार भी उपस्थित थे। कंथरिया में एक दिन में 15, 400 पौधे रोपे गए। यहां पर हरिशंकरी, पीपल, पाकड़, बरगद आदि सहित विभिन्न प्रकार की औषधियों वाले पौधों को भी आज रोपा गया। जिला वन अधिकारी के अनुसार यहां करीब 14 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों की औषधीय एवं अन्य प्रकार की पौध लगाई गई है। जनपद के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन एवं खादी विभाग नवनीत सहगल ने भी इस अवसर पर कंथरिया में पौधारोपण किया। जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने भी इस अवसर पर कंथरिया में पौधा रोपण किया। श्री सहगल ने इससे पूर्व पुलिस लाइन, बरेली के प्रांगण में भी पौधारोपण किया। कंथरिया ग्राम सभा से श्री सहगल परसाखेड़ा औद्योगिक केन्द्र गए और वहां भी उन्होंने पौधा रोपा और औद्योगिक केन्द्र में हरियाली बढ़ाने के प्रयास करने को कहा। उसके बाद अपर मुख्य सचिव बहेड़ी के ग्राम कठर्रा उदरा गए और वहां भी उन्होंने पौधारोपण की शुरूआत की। यहां 3300 पौध लगाई गई। इसके बाद श्री सहगल ने बरेली जिला उद्योग केन्द्र में भी पौधारोपण किया। यहां उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपा। तत्पश्चात उन्होंने नगर निगम बरेली की भूमि पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास छितवन की पौध रोपने की शुरुआत की। यहां पर 9000 पौध लगाई गई। इसके बाद उन्होंने बरेली लखनऊ मार्ग पर किमी 263 से 285 के मध्य वन विभाग की भूमि पर पीपल का पौध लगाकर पौधारोपण शुरु किया। यहां पर 7700 पौधे रोपे गए। जिला वन अधिकारी भरत लाल ने बताया कि जनपद बरेली में 31,40, 220 पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके सापेक्ष 33, 59, 457 पौधों को रोपा गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।