शव रखकर रास्ता बाधित करने के आरोप मे मृतक के बेटे समेत 17 पर मुकदमा दर्ज

फरीदपुर, बरेली। जनपद के फरीदपुर थाने के गेट पर शव रखकर रास्ता बाधित करने के आरोप में पुलिस ने मृतक के बेटे समेत 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आठ दिन के अंदर शव रखकर थाने का रास्ता बाधित करने के आरोप में यह दूसरा मुकदमा है। परिजनों के मुताबिक कली नगला गांव के सुरेश(58 वर्ष )के बेटे रजनीश की तीन माह पहले कमर की हड्डी टूट गई। बेटे के इलाज के लिए सुरेश ने घर में रखी रकम लगा दी। इसके बाद उन्होंने बेटे रजनीश का इलाज कराने के लिए गांव के लकड़ी ठेकेदार को ढाई लाख में यूकेलिप्टस की लकड़ी बेच दी। ठेकेदार ने 1.49 लाख रुपये की रकम दे दी। 1.1 लाख की बची रकम चार दिन बाद देने के लिए कहा। कई दिन बीतने के बाद सुरेश ने रकम मांगी। इसके बाद ठेकेदार और उसके साथी ने मारपीट करते हुए गालीगलौज की। सुरेश ने 14 अगस्त को पुलिस से शिकायत करके ठेकेदार से उधारी की रकम देने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बेटे का इलाज न हो पाने से सुरेश सदमे में आ गये। 4 दिन पहले सुरेश बीमार हो गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को सुरेश ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग एंबुलेंस से उनका शव लेकर फरीदपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थाने की गेट पर सुरेश का शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने लकड़ी ठेकेदार और उसके साथी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने सुरेश का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम की ओर से मृतक के बेटे बालेंद्र सिंह और परिवार के भीकम सिंह, आसाराम, दुर्वेश, जयसिंह समेंत 12 अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 6 दिन पहले बीसलपुर रोड के लोगों के खिलाफ थाने के सामने शव रखकर हंगामा करने के आरोप का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी किसान ने की थी शिकायत : फरीदपुर के कलीनगला गांव के सुरेश के लकड़ी ठेकेदार ने पैसे नहीं दिए। सुरेश ने फरीदपुर थाने में तहरीर दी, लेकिन यहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन ठेकेदार से पैसे दिलाने की किसी ने पहल नहीं की। बेटे को चारपाई पर पड़ा तड़पते देखा सुरेश सदमे में आ गए और उनकी मौत हो गई।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *