शिविरों में चारा घोटाला हुआ तो किसी को भी नहीं जायेगा बख्शा

* पशुधन के लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्थाओ के दिए आवश्यक निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर जिले को गंभीर सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के मद्देनजर जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने शनिवार को उपखंड क्षेत्र शिव की ग्राम सेवा सहकारी समिति बीसु कलां एवं गूंगा और उपखंड क्षेत्र रामसर की ग्राम सेवा सहकारी समिति भाचभर द्वारा संचालित चारा डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पशुपालकों एवं किसानों से संवाद कर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा इलाके में पशु चारा एवं जलापूर्ति के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया।

जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में पशुधन के लिए चारे एवं पानी की उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही चारा एवं पानी का समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पशुधन की संख्या एवं आवश्यकताओं के अनुरूप चारा-पानी का आकलन कर प्रस्ताव जिला स्तर पर भिजवाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने चारे की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया तथा चारे में नमी की अधिकता व छीजत की समस्या की जांच करने और चारा सप्लायर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय पशुपालकों की मांग के अनुरूप बाजरा और मूंगफली का चारा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी गंभीर सूखे की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर पशुपालकों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चारा डिपो खुलने से अभावग्रस्त क्षेत्रों में पशुपालकों को पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ पशुधन के संरक्षण में सहायता मिलेगी। लघु एवं सीमांत किसानों को अनुदानित दर पर चारा उपलब्ध करवाया जा रहा है।

जिला कलक्टर ने बताया कि प्रथम चरण में जिले की तीन तहसीलों की 10 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में चारा डिपो खोलने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई थी, जिनमें से 9 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में चारा डिपो का सुचारू संचालन किया जा रहा है। वहीं द्वितीय चरण में 5 तहसीलों में 28 चारा डिपो की स्वीकृति जारी की गई है, जिनका संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चारा डिपो संचालन, चारा वितरण, परिवहन अनुदान, सत्यापन और अभिलेख संधारण की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा व्यवस्थित ढंग से चारा डिपो का संचालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोषाधिकारी रमेश दान, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नारायण सिंह, सहकारिता विभाग के अधिशासी अधिकारी पत्ताराम सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *