रामगंगा के कटान से मंदिर की दीवारों मे पड़ी दरारें, मूर्ति हटाने के निर्देश

मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे पानी बढ़ने से विकराल हुई रामगंगा कपूरपुर में मंदिर के बगल मे तेजी से कटान कर रही है। कटान से मंदिर की दीवार में दरारें पड़ गई हैं। फर्श धंसने लगा है। सूचना मिलने पर तहसीलदार और बाढ़ खंड के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। नदी के कटान को देखकर अधिकारियों ने ग्रामीणों से मंदिर की मूर्ति हटाने का निर्देश दिए हैं। रामगंगा विकराल होकर कपूरपुर व मदनापुर गांवों के बीच जंगल में स्थित मंदिर के पास कटान कर रही हैं। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने मंदिर कटने से बचाने के लिए मंदिर के सामने फ्लड फाइटिंग का काम कराया था, लेकिन नदी मंदिर के बगल में खाली जमीन में तेजी से कटान कर रही है। मंदिर से सटकर कटान करने से मंदिर की दीवारों में दरारें पड़ गई है। मंदिर परिसर का फर्श धंस रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को दोपहर बाद तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार, एई सत्यभान व जेई पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधान हरीश कुमार वर्मा और पूर्व प्रधान संजू वाल्मीकि ने अधिकारियों को बताया कि कटान रोकने के लिए नहर खोदकर नदी के बहाव को सीधा करना ही होगा। अधिशासी अभियंता ने मंदिर के बगल वाले हिस्से मे कटान रोकने को कटान रोधी व्यवस्थाएं करने का निर्देश जेई को दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से मंदिर की मुख्य मूर्ति को हटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने अंजनी घाट पर पहुंचकर ड्रोन से नदी का निरीक्षण किया। प्रधान ने बताया कि ग्रामीण मूर्ति हटाने को राजी नही है। अवर अभियंता ने बताया कि नदी मंदिर के बगल में तेजी से कटान कर रही है। मुख्य प्रतिमा को हटाने के लिए ग्रामीणों से कहा है। कटान रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *