राजेंद्रनगर के युवक का अधजला शव घर मे मिलने से मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

बरेली। शुक्रवार की सुबह शहर के राजेंद्र नगर स्थित एक 38 वर्षीय युवक का घर में अधजला शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक का बिस्तर भी आधा जला हुआ था। पूरे कमरे में धुंआ घुट रहा था। पुलिस के मुताबिक युवक शराब के नशे में था। वह नशे में ही सिगरेट पी रहा था। जो बेड पर गिरी और बिस्तर में आग लग गई। चूंकि कमरे में एसी चल रहा था इसलिए धुंआ घुटने से उसकी मौत हो गई। उधर परिजनों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आपको बता दें कि शहर के राजेंद्रनगर के रहने वाले मनोज मिश्रा टिफिन का कारोबार करते थे। शुक्रवार को वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी सुनीता मिश्रा अपने मायके गई हुई थी। बीते दिनों उनके पिता की मौत हो जाने की वजह से कागजी कार्रवाई के लिए गई थी। घर मे मनोज के अलावा तीन किराएदार लड़के थे। पिता दूसरे घर में थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को रात करीब 8:30 बजे मनोज टिफिन देकर वापस लौटे थे। इसके बाद उन्होंने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। मगर जब शुक्रवार की सुबह देखा तो कमरे में धुंआ घुटा हुआ था। मनोज का शव बिस्तर पर अधजला पड़ा हुआ था। परिजनों का कहना है कि किसी ने भी चीखने चिल्लाने की भी आवाजें नहीं सुनी। मृतक मनोज के पिता दुर्गा प्रसाद ने बताया कि मनोज का एक नौ वर्षीय बेटा है। वह भी अपनी मां के साथ गया हुआ था। दुर्गा प्रसाद सर्राफ का काम करते थे। जो इन दिनों बंद चल रहा है। उनका कहना है कि किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि आग लगने से उनके बेटे की मौत हो जाएगी। परिवार में बुरी तरह से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।