यूरोप भेजने का सपना दिखाकर महिला से 5.84 लाख ऐंठे, 21 बार खातों में मंगाई रकम

बरेली। बच्चों को यूरोप मे नौकरी दिलाने और वर्क वीजा बनवाने का भरोसा देकर एक महिला से 5.84 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने एडवांस और वर्क परमिट के नाम पर एक-दो बार नहीं, बल्कि 20 से 21 बार अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। तीन महीने में पूरी प्रक्रिया कराने का आश्वासन देकर छह महीने तक महिला को इंतजार कराया गया। रुपये वापस मांगने पर भी भुगतान नहीं किया। दिल्ली जाकर जानकारी की तो आरोपी का कार्यालय बंद मिला। पीड़िता की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर के सनसिटी विस्तार निवासी शालिनी सिंह ने पुलिस को बताया कि जस्टडायल के माध्यम से उनकी मुलाकात करमजीत सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने उन्हें बताया कि उसका कार्यालय दिल्ली के द्वारका स्थित सेक्टर सात, रामफल चौक पर है। बातचीत के दौरान उसने बच्चों को यूरोप में नौकरी दिलाने के साथ वर्क वीजा और वर्क परमिट बनवाने का भरोसा दिया। शालिनी के मुताबिक, आरोपी के भरोसे पर वह दिल्ली स्थित उसके कार्यालय पहुंचीं। वहां उसने कंपनी से संबंधित जानकारी देकर भरोसा दिलाया और आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज व जीएसटी प्रमाणपत्र ले लिए। आरोपी ने तीन महीने के भीतर पूरी प्रक्रिया कराने की बात कही। इसके बाद बच्चों के एडवांस और वर्क परमिट के नाम पर अलग-अलग तारीखों में 20 से 21 बार विभिन्न बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। इस तरह कुल 5.84 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता ने बताया कि तीन महीने का समय बीतने के बाद भी बच्चों की नौकरी और वर्क परमिट को लेकर कोई प्रगति नहीं हुई। छह महीने इंतजार करने के बाद उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे। इस पर उसने 28 तारीख तक पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया। बार-बार फोन और मैसेज करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा। आरोपी से संपर्क नही होने पर शालिनी दिल्ली स्थित उसके कार्यालय पहुंचीं। वहां पता चला कि कार्यालय करीब दो महीने पहले ही खाली किया जा चुका है। आरोपी भी मकान बदल चुका था। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *