बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद लूट की वारदात में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी खेतों में घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से महिला से लूटा गया मंगलसूत्र, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान पीलीभीत रोड की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों बाइक लेकर भाग निकले। पीछा करने पर बाइक फिसलकर खेत में गिर गई। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने भागते समय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में जीतू उर्फ जतिन पुत्र दिनेश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गया। वह सदर बाजार कैंट का निवासी है और अब काशीराम कॉलोनी, रामगंगानगर थाना बिथरी चैनपुर में रह रहा है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, नाल में फंसा खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वही करीब 100 मीटर दूर से उसके साथी शिवा पुत्र सूरज निवासी वाडिया लाइन, चनेहटा थाना कैंट को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी तलाशी में 11 जुलाई को आलोक नगर में महिला से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद स्प्लेंडर बाइक का इस्तेमाल भी लूट की वारदात में किया गया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज है। एक आरोपी अभी फरार : पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई की सुबह आलोक नगर में हुई लूट के मामले में इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज है। जांच में जीतू और शिवा के अलावा लकी उर्फ पवन पुत्र दयाराम निवासी रामगंगा कॉलोनी थाना बिथरी चैनपुर की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
