मारपीट के बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या का आरोप

शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव महिमा नगला मे एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित तहरीर दी है। महिमा नगला निवासी बुद्धसेन (30) पुत्र जोगराज हिमाचल प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था। वह रक्षाबंधन मनाने के लिए गांव आया था। बुद्धसेन के पिता जोगराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 28 अगस्त की शाम करीब सात बजे बुद्धसेन गांव में पकौड़ी की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान गांव के ही नौबत सिंह और उसके पुत्र राजन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। दोनों ने उसका गला दबाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। परिजनों के अनुसार मारपीट के अगले दिन बुद्धसेन की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता ने देर शाम तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर मृतक की पत्नी हीराकली और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे है। बुद्धसेन की मृत्यु से परिवार पर बच्चों के भरण पोषण का भी संकट खड़ा हो गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *