बरेली। मंडलायुक्त शंभू कुमार की जनसुनवाई में सोमवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, विकास कार्य और पेंशन समेत कई मामलों की शिकायतें रखीं। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। मौके पर जाकर जांच के बाद वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फरियादी को राहत मिलने तक अधिकारी मामले की निगरानी करें। निस्तारण सिर्फ कागजों पर न हो। शिकायतों के निस्तारण के बाद फरियादियों से संपर्क कर फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाए कि जिस शिकायत का निस्तारण दिखाया गया है। उससे संबंधित व्यक्ति को वास्तव में राहत मिली है या नहीं। मंडलायुक्त ने कहा कि जनसुनवाई का मकसद सिर्फ शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को न्याय और राहत दिलाना है। अधिकारी फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समयबद्ध कार्रवाई करें।।
बरेली से कपिल यादव
