अहिरौला चौराहे के पास बस से टकराई कारें, नेपाल के दो युवकों की मौत

भुता, बरेली। दो कारों में सवार होकर नेपाल से दिल्ली जा रहे 14 नेपाली नागरिकों की कारें सामने से बस से टकरा गई। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर भुता क्षेत्र मे अहिरौला चौराहे के पास हुए हादसे मे नेपाल के बाजुरा निवासी 36 वर्षीय अर्जुन कामी और 35 वर्षीय चेतराज की मौत हो गई, जबकि कार चालक बाजुरा निवासी दिल बहादुर राना गंभीर घायल हो गए। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। नेपाल के बाजुरा में रहने वाले 14 लोग रविवार रात दिवाली मनाने के बाद वापस दिल्ली जा रहे थे। दोनों कारों में सात-सात लोग सवार थे। रात करीब 12:20 बजे तेज रफ्तार प्राइवेट बस वाहन को ओवरटेक करते हुए अचानक उनकी कार के सामने आ गई। जिससे आगे चल रही कार बस से टकराई, जबकि बचाने के प्रयास में पीछे चल रही कार आगे वाली से टकराते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में आग चल रही कार में सवार अर्जुन कामी, चेतराज और चालक दिल बहादुर गंभीर घायल हो गए। अहिरौला चौराहे पर मौजूद लोगों की सूचना पर भुता पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में अर्जुन और चेतराज की मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल दिल बहादुर राणा को बरेली में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुता इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि बस और दोनों कारों को कब्जे में ले लिया गया है। बस चालक मौके से भाग निकला, उसकी तलाश की जा रही है। वहीं बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से रवाना कर दिया गया। हादसे मे नेपाल के जिला बाजुरा निवासी चरण कुमार सरेला, जगत, हिमेश और लक्ष्मी समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए बरेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजे काटकर बाहर निकाला। चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया : हादसे में जान गंवाने वाले चेतराज कोसी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी चार बेटियां हैं। परिवार की जिम्मेदारी उनके ही कंधों पर थी। रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली जा रहे चेतराज की हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी लक्ष्मी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *