भिटौरा फाटक पर ट्रेन की चपेट मे आने से रेलवे के दो अटेंडेंट की मौत

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। जनपद मे भिटौरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रेन की चपेट में आने से दो ट्रेन अटेंडेंट की मौत हो गई। दोनों अटेंडेंट एक ट्रेन से उतरकर पटरी पर खड़े थे, तभी दूसरी लाइन से गुजरी ट्रेन की चपेट में आ गए। जीआरपी ने शवों का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन संख्या 04014 लोकहा बाजार (आनंद विहार से लोकहा बाजार) भिटौरा फाटक पर रुकी थी। दीपक चौहान और बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन इसी ट्रेन में अटेंडेंट के तौर पर काम करते थे। वे ट्रेन से नीचे उतरकर रेलवे पटरी पर खड़े हो गए। इसी दौरान वह दोनों मुरादाबाद की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 18104 अमृतसर-टाटानगर (नॉन-स्टॉप) की चपेट में आ गए। एक मृतक की पहचान दीपक चौहान (26) पुत्र सुमेर सिंह, निवासी नवादा, थाना लवेदी, जिला इटावा के रूप में हुई है। दूसरे मृतक बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन (28), निवासी गांव व थाना गुरबक्शगंज, जिला रायबरेली के थे। दोनों ही ट्रेन अटेंडेंट का काम करते थे। सूचना मिलने के बाद फतेहगंज पश्चिमी थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप सैनी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रभास कुमार मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद बरेली जंक्शन से जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। जीआरपी ने पंचनामा संबंधी कार्रवाई पूरी कराई। शिनाख्त के बाद मृतकों के परिवार को सूचना दी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *