ब्लाक प्रमुख के खिलाफ डीएम से मुलाकात कर दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस

आजमगढ़- मार्टीनगंज ब्लाक प्रमुख ठाकुर मनोज सिंह की मुसीबत बढ़ गयी है। भाजपा नेता व सिकरौर सहबरी गांव के बीडीसी गौरव सिंह मोनू ने सोमवार को डीएम से मुलाकात कर मनोज के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दी। बुधवार को गौरव सिंह अपने समर्थक 78 बीडीसी सदस्यों की परेड करायेंगे। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग की तिथि निर्धारित की जा सकती है।बता दें कि मार्टीनगंज क्षेत्र पंचायत में 97 सदस्य हैं जो क्षेत्र पंचायत प्रमुख का चुनाव करते हैं। 07 फरवरी 2016 को हुए चुनाव में मार्टीनगंज ब्लाक से बीजेपी के सौरभ सिंह सोनू ब्लाक प्रमुख का चुनाव जीते थे। 26 नवंबर 2016 को दुर्घटना में सौरभ सिंह का निधन होने के बाद यह सीट खाली हो गयी थी। वर्ष 2017 में इस सीट पर उपचुनाव कराया गया । उस समय सपा के पूर्व नेता ठाकुर मनोज सिंह मैदान में उतरे तो बीजेपी से सौरभ के छोटे भाई गौरव सिंह मोनू ने चुनाव लड़ा। 13 अगस्त 2017 को हुए मतदान में ठाकुर मनोज विजयी रहे।
लेकिन किसी मामले में वारट होने के कारण वे महीनों तक शपथ नहीं ले पाए। 30 अक्टूबर 2017 को मनोज सिंह ने ब्लाक प्रमुख पद की शपथ ली। आरोप है की इसके बाद मनोज विरोधी ही नहीं अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों की भी उपेक्षा करने लगे। जिससे उनके समर्थक बीडीसी भी नाराज हो गए और गौरव सिंह के पाले में चले गए।
सोमवार को दर्जनों बीडीसी सदस्यों के साथ गौरव सिंह डीएम कार्यालय पहुंचे और 78 सदस्यों के शपथ पत्र के साथ अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस सौंपा। डीएम ने नोटिस को स्वीकार करते हुए मोनू को समर्थक बीडीसी सदस्यों के परेड के लिए कहा। इसके बाद 28 नवंबर को परेड कराने का फैसला किया गया।
गौरव सिंह मोनू ने कहा कि ब्लाक प्रमुख बनने के बाद से ही मनोज सिंह का तानाशाही रवैया जारी है। वे सिर्फ अपने कुछ खास लोगों को काम देकर अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे है। क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ खुलेआम भेदभाव कर रहे है जिसके कारण 78 सदस्य अविश्वास प्रस्ताव के साथ हैं। हमारा उद्देश्य सत्ता बदलना नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास को गति देना है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सिकंदर यादव ने कहा कि ठाकुर मनोज की मनमानी से सभी सदस्य परेशान हैं। इसलिए उनकों हटाने का फैसला किया गया है। उनका रहना ठीक नहीं है। कारण कि उन्होंने बीडीसी सदस्यों के साथ धोखा किया है। उनके धोखे का जवाब हम अविश्वास प्रस्ताव के जरिये देंगे। क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवकुमार ने कहा कि ठाकुर मनोज सिंह की मनमानी से सभी पीड़ित हैं। इसके कारण यह अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है। हम अपने क्षेत्र का विकास चाहते हैं कारण कि हमारी अपने गांव के प्रति कुछ जवाबदेही है। मनोज सिंह ने सभी सदस्यों के साथ धोखा किया है। इस मौके अरविंद कुमार, अभिषेक विश्वकर्मा, रमेश चैरसिया, हंसू, इद्रजीत, नंदलाल, हरिभजन, पप्पू यादव, सुरेश, इंदल यादव, सुभाष विंद, संजय यादव, अजय, अनीता, महेंद्र राजभर, मोहन लाल, योगेश, रामजनम यादव, अब्दुल जब्बाद आदि क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद थे।

रिपोर्ट-:राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।