बुलडोजर एक्शन : सरकारी जमीन पर बने मकान इमामबाड़ा व दुकाने जमीदोज

बरेली। इज्जतनगर के नगरिया परीक्षित में करोड़ों की सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। एक दर्जन से अधिक कच्चे मकान, एक इमामबाड़ा, दुकान और झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया गया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नगरिया परीक्षित के पार्षद व पूर्व उप सभापति महेश राजपूत ने नगर निगम की जमीन पर कब्जे का मामला उठाया था। शिकायत में जमीन के एक हिस्से पर अवैध रूप से इमामबाड़ा बनाए जाने की बात कही गई थी। मामले को नगर निगम बोर्ड के साथ शासन स्तर तक पहुंचाया गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ। वही इस भू-खंड पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। टीम ने मौके पर जाकर गहनता से जांच की तो स्पष्ट हुआ वार्ड-51 नगरिया परीक्षित में निगम की संपत्ति है। राजस्व अभिलेखों में जमीन खलिहान खाते में दर्ज है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये है। निगम के अनुसार भूमि पर करीब 12 अतिक्रमणकर्ताओं ने दुकानें, कच्चे मकान और झोपड़ियां आदि बनाकर कब्जा कर लिया था। निगम ने सभी कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर खुद अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया, मगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ बुधवार को दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंची और बुलडोजर से कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण हटाने के बाद नगर निगम ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है। दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भूमि को सुरक्षित करने की तैयारी की जा रही है। नगर आयुक्त के अनुसार निगम व सार्वजनिक भूमि पर कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। चिह्नित अतिक्रमणों को हटाया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *