मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए किया प्रेरित : भुवनेश्वर सिंह चौहान
राजस्थान/बाड़मेर- चुनावी स्पेशल कवरेज,पंचायती राज आम चुनावों के तहत जिले में सरपंच एवं वार्ड पंच का निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सोमवार को पंचायत समिति बालोतरा एवं पाटोदी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने पंचायत समिति बालोतरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तिलवाड़ा में स्थापित मतदान केंद्र के दोनों बूथों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय बोरावास तिलवाड़ा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेड़ तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांभरा में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में उन्होंने पंचायत समिति पाटोदी क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साजियाली पदमसिंह, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीठी बेरी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालेवा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डऊकियों का तला, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सूरजबेरा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवातला, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखानियों की ढाणी तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोतिया बेरा में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्था को व्यवस्थित रखने, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चौहान ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने मतदान के साथ-साथ मतगणना प्रक्रिया को भी पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ संपन्न करवाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से मतगणना के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने, प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों से कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाई जाए।
पहले निभाई लोकतंत्र की जिम्मेदारी, फिर रेवड़ लेकर निकल पड़े चराने कुंडल के कलाराम देवासी
पंचायती राज आम चुनावों के दौरान मतदान के प्रति जागरूकता की एक प्रेरणादायक तस्वीर कुंडल गांव में देखने को मिली। यहां के निवासी कलाराम देवासी ने सोमवार सुबह अपने दैनिक कार्यों की शुरुआत करने से पहले मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद वे बकरियों का रेवड़ लेकर चराने के लिए निकल पड़े।
कलाराम देवासी की इस जागरूकता और जिम्मेदारी की जानकारी मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान पादरू पंचायत समिति के नियुक्त मजिस्ट्रेट एवं धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई को मिली। पादरू से कुंडल गांव जाते समय उन्होंने कलाराम से मुलाकात की तथा मतदान के प्रति उनकी सजगता की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। एसडीएम विश्नोई ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भागीदारी निभानी चाहिए।
कलाराम देवासी की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने अपने आचरण से साबित किया कि खेती-बाड़ी, पशुपालन और रोजमर्रा के कामकाज की व्यस्तता के बीच भी मतदान को प्राथमिकता दी जा सकती है। पहले लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई और फिर रोजी-रोटी से जुड़े काम में जुट गए। उनकी यह जागरूकता लोकतंत्र के महापर्व में जनभागीदारी की एक मिसाल बन गई।
पादरू में मजिस्ट्रेट बद्रीनारायण विश्नोई ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
पंचायती राज आम चुनावो के तहत सोमवार को बालोतरा जिले की पंचायत समिति पादरू क्षेत्र में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया उत्साहपूर्वक जारी रही। मतदान को लेकर ग्रामीण मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
पादरू पंचायत समिति क्षेत्र के लिए नियुक्त मजिस्ट्रेट एवं धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर संचालित मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया के संचालन एवं निर्वाचन संबंधी इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्मिकों से व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लेते हुए निर्वाचन कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करवाने के निर्देश दिये।
मजिस्ट्रेट विश्नोई ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को सतर्कता के साथ कार्य करने तथा किसी भी स्थिति में मतदान की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होने बताया कि पंचायत समिति पादरू क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अमला लगातार निगरानी बनाए हुए है। प्रशासन का उद्देश्य सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न करवाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
— राजस्थान से राजूचारण
