राजस्थान/बाड़मेर- पंचायती राज आम चुनाव के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतगणना कार्य के लिए नियुक्त मतगणना पर्यवेक्षक एवं मतगणना सहायक कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को भगवान महावीर टाउन हॉल में संपन्न हुआ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना शुक्रवार को होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना दल से जुड़े 659 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 221 गणना पर्यवेक्षक और 438 गणना सहायक शामिल है। प्रशिक्षण के दौरान सीलों की जांच एवं सील हटाने, मल्टीपोस्ट सिंगल वोट में कंट्रोल यूनिट से परिणाम प्रदर्शन, डाक पत्र गणना, मतों का अंकन,योग का मिलान, प्रारूप पर गणन पर्यवेक्षक एवं अभ्यर्थी या अभिकर्ता के हस्ताक्षर सहित सम्पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि वे मतगणना स्थल पर निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हो। उन्होंने बताया कि सभी कार्मिक मतगणना कार्य को सुचारू, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न करवाना सुनिश्चित करेंगे और मतगणना कार्य पूरी गंभीरता से संपादित करेंगे।
— राजस्थान से राजूचारण
