बारिश की वजह से लगातार बढ़ रहा रामगंगा का जलस्तर, बन रही बाढ़ की संभावना

बरेली। जिले समेत आस-पास के इलाकों मे लगातार बारिश की वजह अब हालात बाढ़ जैसे बन रहे है। बारिश का हाल यदि यही रहा तो अगले कुछ ही दिनों में बाढ़ की भी संभावना हो सकती है। क्योंकि बारिश की वजह से रामगंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में रामगंगा अपनी मौजूदा स्थिति से दो मीटर और ऊपर आ चुकी है। रामगंगा अब खतरे के निशान से महज तीन मीटर से भी नीचे है। बारिश का हाल यही रहा तो अगले दो दिनों में रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाएगी। इसके बाद लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि बाढ़ खंड विभाग ने भी अभी से इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली है। बाढ़ खंड विभाग की माने तो गुरुवार को सुबह आठ बजे तक रामगंगा का जलस्तर 160.13 मीटर था। जबकि बु़धवार को यह 158.18 था। यानि पिछले 24 घंटों में रामगंगा का जलस्तर 1.95 मीटर बढ़ा है। यानि लगभग दो मीटर तक पानी में बढ़ोत्तरी हो चुकी है। विभाग की अधिकारियों का कहना है कि यह पानी अभी कहीं से छोड़ा नहीं गया है। बल्कि यह केवल बारिश का ही पानी है। ऐसे में यदि किसी बांध से पानी छोड़ा गया तो जलस्तर कहां पहुंचेगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से बरेली में सबसे ज्यादा इलाके मीरगंज और नबावगंज के प्रभावित होंगे। क्योंकि शहर के पास आते-आते रामगंगा में कई जगह बांध होने की वजह बाढ़ की संभावनाएं कम हो जाती है। मगर मीरगंज और नबावगंज एकदम अलर्ट मोड पर रहता है। इन दोनों में भी बात करें तो सबसे ज्यादा अलर्ट पर मीरगंज रहता है। ऐसा नहीं है कि विभागीय अधिकारियों की नजर केवल मीरगंज और नबावगंज पर ही है। रामगंगा नदी के किनारे बसे शहर के आस-पास के इलाकों को भी अलर्ट मोड पर रखा जाता है। इसमें चौबारी समेत आस-पास के कई गांव शामिल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।