शीशगढ़, बरेली। जनपद के थाना शीशगढ़ इलाके मे सोमवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय साकिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 15 वर्षीय भांजा अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। रामपुर जिला निवासी दोनों लोग बरेली पासपोर्ट कार्यालय आ रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव खोधालपुर निवासी साकिब सोमवार सुबह अपने भांजे अनस के साथ बाइक से बरेली के लिए निकले थे। परिवार के मुताबिक, दोनों को पासपोर्ट कार्यालय जाना था। रास्ते में शीशगढ़ क्षेत्र के सहोड़ा अड्डे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। साकिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनस को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साकिब के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की जेब में मिले मोबाइल और दस्तावेजों की मदद से परिजनों को हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। साकिब के भाई आरिफ ने बताया कि साकिब एक निजी कंपनी मे कैशियर के पद पर नौकरी करते थे। उनकी शादी चार महीने पहले खुशी नाम की युवती से हुई थी। गंभीर रूप से घायल अनस का उपचार चल रहा है।
— बरेली से कपिल यादव
