बायां व दायां फार्मूला खत्म, अब सप्ताह में पांच दिन दोनों तरफ खुलेंगे बाजार

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। केंद्रीय मंत्री व व्यापारियों की लगातार उठ रही मांग पर अब सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना दोनों तरफ का बाजार खुलेगा। बरेली जिले के बाजारों में बायां दायां फार्मूला खत्म हो गया। अब सोमवार से शुक्रवार तक सप्ताह में पांच दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक सभी बाजार खुलेंगे। सोमवार की साप्ताहिक बंदी की जगह अब हर सप्ताह शनिवार व रविवार को शहर में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने रविवार को बेबिनार पर व्यापारिक संगठन प्रतिनिधियों के साथ बात की। सोमवार से शहर में बाजारों के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी गई। अब हर सप्ताह शनिवार और रविवार को 55 घंटे का लॉकडाउन होगा।
यह नियम होंगे लागू
1. सभी दुकानदार मास्क पहनेंगे, दुकानों पर दो गज की दूरी से बनाकर कारोबार करेंगे।
2. जिन बाजारों में भीड़ व नियम उल्लंघन होगा उन्हें सात दिन के लिए बंद किया जाएगा।
3. 55 घंटे के लॉकडाउन में हर सप्ताह बाजार व सभी जगह सैनिटाइजेशन होगा।
लॉकडाउन में सिर्फ मेडिकल स्टोर खुलेंगे
डीएम नितीश कुमार ने कहा शनिवार व रविवार को होने वाले 55 घंटे के साप्ताहिक लॉकडाउन में सिर्फ मेडिकल स्टोर खुलेंगे। बाकी अन्य सभी प्रकार की दुकानें बंद रहेंगी। दूध की सप्लाई नहीं रुकेगी। घर पर खाद्य पदार्थ व आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी होगी। ई-कॉमर्स सुविधा भी जारी रहेगी।
खुले रहेंगे कारखाने
शहर व देहात में सप्ताह में सातों दिन फैक्टरी, कारखाने व औद्योगिक इकाइयां खुली रहेंगी। इन पर शनिवार व रविवार का प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
खाद-बीज दुकानों को छूट
कृषि उपकरण, खाद, बीज व कीटनाशक की सभी दुकानें सातों दिन खुली रहेंगी। इन्हें भी प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
हाईवे पर खुलेंगे ढाबे व पेट्रोल पंप
लॉकडाउन में ट्रांसपोर्ट वाहनों पर कोई रोक नहीं है। इन पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। सभी नेशनल व स्टेट हाईवे पर परिवहन जारी रहेगा। हाईवे के किनारे स्थित सभी ढाबे व पेट्रोल पंप सातों दिन खुले रहेंगे।
व्यापारियों ने बताया राहत भरा फैसला
प्रशासन के इस फैसले को व्यापारियों ने राहत भरा बताया है। उनका कहना है कि दो दिन की बाजार बंदी को सहन किया जा सकता है क्योंकि अब पांचों दिन दुकान खोल सकेंगे। इससे बाजारों में भीड़ कम रहेगी, क्योंकि 100 फीसदी दुकानें खुली होंगी तो ग्राहक उनमें बंट जाएंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, कैलाश शर्मा ने कहा कि बाएं दाएं फार्मूले से बाजार तो पांच दिन खुल रहे थे लेकिन व्यापारी तीन दिन ही दुकान खोल पा रहे थे। इससे कारोबार में रवानी नहीं आ रही थी। ग्राहक भी परेशान थे कि जो सामान लेने गए, पता चला कि उसकी दुकान बंद है।।

कोरोना से बचाव को जारी गाइडलाइन का पालन कराने के साथ ही शहरवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखकर दोनों तरफ के बाजारों का खोलने निर्णय लिया है। इस संबंध में रविवार को आदेश जारी कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालो पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
:- नितीश कुमार डीएम बरेली

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।