बहन की मौत के बाद भाई ने कराया जीजा पर हत्या का मुकदमा

बरेली। थाना क्योलड़िया क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध हालात मे एक विवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। मृतका के भाई ने जीजा पर दूसरी महिला से संबंधों के चलते बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपी पति के खिलाफ थाना क्योलड़िया में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक थाना क्योलड़िया क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव के प्रभात कुमार के बेटे ओम बाबू का विवाह 10 वर्ष पूर्व गोपालपुर गांव के मुन्नालाल की बेटी सरिता के साथ हुआ था। मृतका के भाई अजीत कुमार का आरोप है कि विवाह के कुछ वर्षों के बाद ही उसके जीजा के संबंध दूसरी महिला से हो गए थे। इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। कुछ दिन पहले मायके पक्ष के लोग विवाहिता को ले गए थे। तब से वह मायके मे ही रह रही थी। सोमवार को उसके जीजा ने कॉल कर कहा कि अगर शाम तक विवाहिता को वापस घर नही भेजा तो वे उससे रिश्ता खत्म कर देंगे। इस पर वह बहन को ससुराल पहुंचा गया था। मंगलवार की सुबह बहनोई ओमपाल ने उन्हें कॉल कर बताया कि उनकी बहन ने आत्मदाह कर लिया है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो शव घर में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर जीजा के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *