बरेली। छात्रों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर समाजवादी छात्र सभा की ओर से बरेली कालेज में प्रदर्शन किया जा रहा है। प्राचार्य के बीसीए और भूगोल विभाग में आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण कार्यकर्ता अभी बैरियर के पास एकत्रित हो रहे है। छात्र सभा की ओर से जारी पोस्टर में प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, छात्र संघ चुनाव बहाल कराने, छात्रावास की व्यवस्था शीघ्र शुरू कराने तथा नियमित कक्षाएं और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। इसके अलावा बरेली कालेज के खेल मैदान का आधुनिकीकरण, सभी खेल गतिविधियों को नियमित रूप से शुरू कराने और स्विमिंग पूल, जिम व बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की मांग उठाई गई है। छात्रों ने खेल मैदान को राजनीतिक एवं सरकारी आयोजनों से होने वाले नुकसान से बचाने और 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग भी रखी है। वहीं पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति के अनुरूप नवीनतम पुस्तकें एवं अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने, छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने तथा छात्र शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की गई है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विक्रांत सिंह पाल, पूर्व छात्र संघ महामंत्री हृदेश कुमार यादव, फैज मोहम्मद, करुणाकर रत्नायके, मुकेश यादव, रवि पंडित, संजय मेवाती प्रदेश सचिव, मोहम्मद शमी, जितेंद्र यादव, सौरभ यादव, मयंक शुक्ला मोंटी, करन, किशन यादव मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
