राजस्थान/बाड़मेर- संविधान दिवस के अवसर पर बाड़मेर जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने अधिकारियो एवं कर्मचारियों को संविधान के मूलभूत आदर्शाें एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
जिला कलक्टर चिन्यमी गोपाल ने कहा कि कार्मिक अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शता एवं जनहित की भावना से करें तथा संवैधानिक मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में आत्मसात करें। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्य शैली में अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रवीन्द्र कुमार ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। उपस्थित कार्मिकों ने भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक अनिल कुमार पालीवाल ,मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, कोषाधिकारी रमेशदान, सवाई सिंह भाटी प्रशासनिक अधिकारी मुख्यालय समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
