फीस वृद्धि को लेकर हस्ताक्षर अभियान का आगाज, अब भूख हड़ताल की चेतावनी

बरेली। बरेली कॉलेज में फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्रों का आक्रोश तेज होता जा रहा है। सोमवार को समाजवादी छात्र सभा ने प्राचार्य कार्यालय के सामने मोर्चा खोलते हुए हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। छात्र नेताओं ने बढ़ी हुई फीस तत्काल वापस लेने के साथ अतिरिक्त शुल्क जमा कर चुके विद्यार्थियों की रकम लौटाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी गई कि मांगों की अनदेखी हुई तो आंदोलन कॉलेज बंद कराने से लेकर भूख हड़ताल और अनशन तक पहुंचेगा। समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर में बोर्ड लगाकर फीस वृद्धि के विरोध में विद्यार्थियों के हस्ताक्षर कराए। छात्र नेताओं का दावा है कि अलग-अलग मदों को जोड़कर फीस में करीब 1200 से 2000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसमें वोकेशनल फीस और नगर निगम टैक्स समेत कई मद शामिल बताए जा रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने फीस बढ़ाने से पहले न तो विद्यार्थियों को स्पष्ट जानकारी दी और न ही यह बताया कि किस मद में कितनी राशि बढ़ाई गई है। फीस वृद्धि की प्रक्रिया और इसके आधार को लेकर भी छात्र सवाल उठा रहे है। छात्र नेता रवि पंडित ने कहा कि फीस वृद्धि का मामला कई दिनों से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। बरेली कॉलेज में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और सामान्य आय वाले परिवारों के विद्यार्थी पढ़ते है। समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव कुर्मी हरेंद्र सिंह कन्नौजिया ने आरोप लगाया कि कुछ विद्यार्थियों की फीस करीब 1200 रुपये से बढ़कर 3800 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग की। आंवला सांसद नीरज मौर्य, सपा नेता डॉ. अनीश बेग और समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव ने भी फीस वृद्धि का विरोध करते हुए छात्र आंदोलन का समर्थन किया। छात्र नेताओं का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान के जरिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहमति जुटाकर कॉलेज प्रशासन के सामने मांग रखी जाएगी। छात्र नेताओं ने हस्ताक्षर अभियान के बाद भी बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली गई और अतिरिक्त शुल्क की रकम नहीं लौटाई गई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। कॉलेज बंद कराने के साथ भूख हड़ताल और अनशन जैसे कदम भी उठाए जा सकते है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *