प्रधान संघ अध्यक्ष के खिलाफ केस लिखने पर भड़के प्रधानों ने घेरा सीओ कार्यालय

प्रयागराज- फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जोगिया शेषपुर गांव के प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष फूलपुर जगदीश कुमार गुप्ता सहित पांच के खिलाफ पड़ोसी से हुए विवाद में फूलपुर पुलिस ने मुकदमा लिखा तो प्रधानों ने आक्रोश जताते हुए रविवार दोपहर में सीओ कार्यालय का घेराव किया। नाराजगी जताते हुए केस वापस लेने की मांग की। इस पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए अति शीघ्र न्याय दिलाने की बात कही।

जरा सी बात पर बतंगड़

फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जोगिया शेषपुर गांव निवासी जगदीश कुमार गुप्ता प्रधान होने के साथ ही फूलपुर ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष हैं। शनिवार को उनका अपने पड़ोसी अनिल कुमार आदि से जल निकासी के मसले पर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष के बीच मामूली मारपीट भी हो गई। जगदीश का आरोप है कि उनकी भूमिधारी खेत में जबरन पड़ोसी अपने सबमर्सिबल का पानी बहाते हैं। विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। शनिवार को भी यही हुआ। उस समय वह घर न होकर एक पंचायत में गए थे लेकिन विरोधियों ने उनका नाम भी मुकदमे में लिखवा दिया जिससे प्रधान में पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी दिखी।

सीओ ने कहा, की जाएगी कार्यवाही- इस घटना से आक्रोशित दर्जनों प्रधानों ने रविवार दोपहर प्रधान संघ के प्रदेश सचिव सतेंद्र कुमार और जिला अध्यक्ष के साथ सीओ कार्यालय पहुंचकर प्रधान अध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मुकदमा वापस करने की मांग करने लगे। वार्ता के दौरान क्षेत्राधिकारी फूलपुर राम सागर ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही उचित न्याय दिलाते हुए मामले में कार्यवाही की जाएगी और फर्जी मुकदमा वापस होगा। इसके साथ ही विरोधी अपने घर की जल निकासी की व्यवस्था नहीं करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रधान संघ उपाध्यक्ष राम पदार्थ पटेल, रणविजय सिंह, अशोक कुमार, सुरेश चन्द्र, धर्मपाल बिंद, ज्ञान चंद्र, मोने लाल पटेल, शुकरू राम भारतीय सहित दर्जनों प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।