बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र मे पुलिस चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने एक किलो अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर बदायूं के दातागंज के रहने वाले है। थाना भमोरा क्षेत्र की चौकी बल्लिया के इंचार्ज जुगमेन्दर बलियान ने बताया कि सोमवार की रात को हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र राणा और सिपाही साकेत कुमार के साथ दातागंज को जाने वाली सड़क पर वांछितों और तस्करों की तलाश मे चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि मुल्लापुर को जाने वाले रास्ते के पास दो अफीम तस्कर खड़े है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख दोनों तस्कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। एक तस्कर के गमछे की पोटली देखकर उससे पूछताछ की गई। उसने बताया कि रुकुमपुर के दो लोग उसे पोटली देकर बाइक मे पेट्रोल भराने चले गए थे। वे कहकर गए थे कि स्कूटी पर सवार दो लोग आएंगे। उन्हें पोटली देकर एक लाख रुपये ले लूं। चौकी इंचार्ज दोनों को चौकी ले गए। सख्ती करने पर एक तस्कर ने अपना नाम रवेंद्र निवासी गंडाह दातागंज बदायूं बताया। वही दूसरे ने अपने आप को पुलिस का मुखबिर बताते हुए बचने का प्रयास किया लेकिन पड़ताल मे पता चला कि तस्कर टैंकर चालक है और उसका नाम राकेश यादव है वह मुल्लापुर दातागंज बदायूं का रहने वाला है। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि सीओ की जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अफीम की कीमत पांच लाख रुपये आंकी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
