नमकीन कंपनी मे मिला जहर, रेड पड़ते ही सप्लायर की दुकान पर लटका ताला

बरेली। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आलम फूड प्रोडक्ट्स में एक्सपायरी पामोलीन तेल मिलने के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अब तेल सप्लाई करने वाले कारोबारी की जांच तेज कर दी है। विभाग की टीम जब श्यामगंज स्थित जय ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि कारोबारी कई दिनों से कार्यालय नहीं आए हैं और उनका अधिकांश कारोबार किसी अन्य स्थान से संचालित किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त राहुल सिंह ने बताया कि शनिवार को आलम फूड प्रोडक्ट्स में निरीक्षण के दौरान नमकीन निर्माण के लिए रखा गया 89 टीन पामोलीन तेल बरामद हुआ था। जांच में पाया गया कि तेल की एक्सपायरी मई 2026 में ही हो चुकी थी, जबकि उसे उपयोग के लिए रखा गया था। विभाग ने मौके पर ही करीब 1,335 किलोग्राम एक्सपायरी पामोलीन तेल को सीज कर दिया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.96 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में फैक्ट्री संचालक ने अधिकारियों को बताया कि यह तेल निरीक्षण से करीब दो घंटे पहले ही एक थोक कारोबारी के माध्यम से पहुंचा था और खरीद का बिल भी प्रस्तुत किया गया। हालांकि बिल में बैच नंबर अंकित नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी खाद्य उत्पाद की ट्रेसिंग के लिए बैच नंबर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसके अभाव में यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि उत्पाद किस निर्माता अथवा सप्लायर से आया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि सप्लायर से संपर्क करने पर उसने बताया कि उसका स्वयं का कोई गोदाम नही है और उसने किसी अन्य व्यापारी से माल लेकर फैक्ट्री तक पहुंचाया था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *