बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। सड़क के किनारे ठेले, फुथपाथी दुकानदारों, वाहनों आदि के द्वारा अतिक्रमण किए जाने से आए दिन लोगों को जाम की झाम से दुश्वारियों का सामना करना पड़ता था। सरकार के निर्देश के बाद नगर पंचायत द्वारा मंगलवार को कब्जेदारों को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर चला। करीब दो घंटे की कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सड़क की पटरी और नालियों से अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती के बीच कब्जा को हटाया। प्रशासन के सख्त कार्रवाई को देख कब्जेदारों मे हड़कंप मच गया। चौराहों पर खुद ही लोग अतिक्रमण हटाने लगे। हालांकि, इसको लेकर पहले ही प्रशासन द्वारा प्रचार प्रसार कराया गया था। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया लेकिन प्रशासनिक पदाधिकारियों ने किसी भी प्रकार की नरमी नही दिखाई। सब्जी मंडी गेट से लोधीनगर चौराहा तक सड़क किनारे और नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की शुरुआत की गई। जो दो घंटे तक चला। इससे मौके पर नगरवासियों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान सड़क व नालियों पर झूल रहे टिन शेड, पक्के निर्माण, नालियों पर बने चबूतरे, साइन बोर्ड हटा दिये गए। रोड की दूसरी तरफ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया। ईओ शिवलाल राम ने बताया कि बुधवार को भी अतिक्रमण अभियान जारी रहेगा। इस दौरान थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी ललित कुमार समेत अन्य पुलिस बल तैनात रहा।।
बरेली से कपिल यादव
